अवैध गोवंश तस्करी पर गडचिरोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गडचिरोली - पुलिस ने अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं की तस्करी और परिवहन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 गोवंशीय पशुओं, दो चारपहिया वाहनों और तीन मोबाइल फोन समेत कुल 19 लाख 60 हजार रुपये का माल जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया,जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक गडचिरोली एम. रमेश ने जिले में अवैध कारोबार एवं गोवंशीय पशुओं के अवैध परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत 28 अगस्त 2026 की रात स्थानीय अपराध शाखा और आरमोरी पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग आयशर वाहन के माध्यम से अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं को ले जाने वाले हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ठाणेगांव-आरमोरी टी-पॉइंट के पास जाल बिछाया। कुछ देर बाद दो वाहन पायलटिंग करते हुए तथा संदिग्ध आयशर वाहन क्रमांक MH-04-GR-0384 आते दिखाई दिए। पुलिस ने सड़क पर अस्थायी अवरोध खड़ा कर आयशर वाहन को रोका। वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने जंगल की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रणय समीर जांभुळकर (20), निवासी आंधली, तहसील कुरखेड़ा, जिला गडचिरोली बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें गोवंशीय पशुओं को अत्यंत निर्दयतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे जाने का मामला सामने आया। इसी दौरान टी-पॉइंट पर तैनात आरमोरी पुलिस टीम ने पायलटिंग कर रही काले रंग की क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसके पीछे आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर क्रमांक CG-10-AM-8415 को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। वाहन में सवार तीन लोगों ने भी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शेहबाज सलाम शेख (31),निवासी विवेकानंद नगर, गडचिरोली, शोहेब फारुक शेख (27) और शेख आकिब नासीर शेख, दोनों निवासी जाफरनगर,नागपुर,के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शहजाद शेख, निवासी कुरखेड़ा और जमील कुरेशी, निवासी गेवरधा, जिला गडचिरोली के कहने पर गोवंश से भरे आयशर वाहन की पायलटिंग कर रहे थे।
26 गाय और 6 बैल बरामद पंचों की मौजूदगी में वाहनों की तलाशी लेने पर आयशर वाहन से 26 गाय और 6 बैल, कुल 32 गोवंशीय पशु, बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत 5 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 10 लाख रुपये कीमत का आयशर वाहन, 3 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 19 लाख 60 हजार रुपये का मुद्देमाल पुलिस ने जब्त किया। पशुओं की चिकित्सकीय जांच कराने पर 32 में से 4 गाय और 2 बैल सहित कुल 6 पशुओं की मौत होने की पुष्टि हुई। सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज मामले में पुलिस ने शेहबाज सलाम शेख, शोहेब फारुक शेख, शेख आकिब नासीर शेख और प्रणय समीर जांभुळकर को गिरफ्तार किया है। वहीं शहजाद शेख, जमील कुरेशी तथा आयशर वाहन के अज्ञात चालक की तलाश जारी है।

आरमोरी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 380/2026 के तहत पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(अ), 11(1)(ड), 11(1)(इ), महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम 1976 की धारा 5(अ), 5(ब), 9 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 3(5), 325 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक गणेश कांबळे, आरमोरी पुलिस थाना कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा,अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज. जी तथा सहायक पुलिस अधीक्षक अनिकेत हिरडे के मार्गदर्शन में की गई। स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अरुण फेगडे और आरमोरी पुलिस थाना प्रभारी सचिन झनक के नेतृत्व में स्थानीय अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक भगतसिंग दुलत सहित पुलिसकर्मियों तथा आरमोरी पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.