अवैध शराब परिवहन पर गडचिरोली पुलिस की कार्रवाई, 2.77 लाख रुपये का माल जब्त
गडचिरोली - जिले में शराबबंदी लागू होने के बावजूद अवैध रूप से शराब की बिक्री एवं परिवहन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देश पर कुरखेड़ा पुलिस ने अवैध देशी-विदेशी शराब का परिवहन करते एक चारपहिया वाहन को पकड़कर कुल 2 लाख 77 हजार 600 रुपये का माल जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को कुरखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद रंग की चारपहिया गाड़ी से वडसा-कुरखेड़ा मार्ग से अवैध रूप से देशी एवं विदेशी शराब का परिवहन करने वाला है। सूचना के आधार पर कुरखेड़ा पुलिस टीम ने वडसा-कुरखेड़ा मार्ग पर अस्थायी नाकाबंदी की।
इसी दौरान संदिग्ध सफेद रंग की चारपहिया गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। उसने अपना नाम सौरभ संतोष डहाळे (25), निवासी चिखली, तहसील कुरखेड़ा, जिला गडचिरोली बताया। पंचों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। इसमें संत्री कंपनी की देशी शराब के 20 बॉक्स, प्रत्येक बॉक्स में 100 नग, कुल 2,000 नग, जिसकी कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये है। इसके अलावा रॉयल स्टैग कंपनी की विदेशी शराब के 2 बॉक्स, कुल 96 नग, कीमत 38 हजार 400 रुपये, तथा सह्याद्री गोल्ड कंपनी की विदेशी शराब का 1 बॉक्स, कुल 48 नग, कीमत 19 हजार 200 रुपये बरामद हुई।
इसके साथ ही अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की मारुति सुजुकी रिट्ज कार क्रमांक एमएच-12-एनबी-2085, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया। इस प्रकार पुलिस ने कुल 2 लाख 77 हजार 600 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया। पूछताछ के दौरान सौरभ डहाळे ने पुलिस को बताया कि बरामद शराब मोहन लांजेवार (42), निवासी केशोरी, तहसील अर्जुनी मोरगांव, जिला गोंदिया की है। इस मामले में कुरखेड़ा पुलिस थाने में शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 193/2026, महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम की धारा 65(अ) एवं 83 के तहत आरोपी सौरभ संतोष डहाळे और मोहन लांजेवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी, कुरखेड़ा प्रमोद मडामे के मार्गदर्शन में कुरखेड़ा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अजय जगताप के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक कुणाल रेगुलवार, पुलिस हवलदार संतोष कांबळे एवं महिला पुलिस कर्मचारी अरुणा लोहंबरे ने की।
रिपोर्टर - चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.