गोमणी में उत्साह के साथ मनाई गई आद्य क्रांतिगुरु लहुजी वस्ताद राघोजी सालवे की 232वीं जयंती
गोमणी - गडचिरोली महाराष्ट्र के महान समाजसेवक, आद्य क्रांतिगुरु, क्रांतिवीर एवं सशस्त्र क्रांति के जनक लहुजी वस्ताद राघोजी सालवे की 232वीं जयंती गोमणी में गोमणी, भीमनगर एवं कोडीगांव के समाजबंधुओं की ओर से बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री मंगाजी दासरवार ने की, जबकि उद्घाटन वासुदेव दासरवार के हाथों संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में मारोती कोलावार (जिलाध्यक्ष, गडचिरोली – भारतीय मानवाधिकार परिषद, तालुकाध्यक्ष – अखिल भारतीय भ्रष्टाचार निर्मूलन संघर्ष समिति, गडचिरोली, मुलचेरा तालुका प्रचार प्रमुख – माहिती अधिकार कार्यकर्ता महासंघ, महाराष्ट्र राज्य तथा C NEWS BHARAT प्रतिनिधि, मुलचेरा-गडचिरोली) उपस्थित रहे। प्रमुख अतिथि के रूप में नागेश गोरडवार, मिथुन लाटेवार एवं फकीरा दासरवार ने मंच की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का संचालन विनोद येनगंटीवार ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ तथागत गौतम बुद्ध, भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, लहुजी वस्ताद राघोजी सालवे, लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे, महात्मा ज्योतिराव फुले एवं क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं अभिवादन कर किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया।
मातंग समाज का गौरवशाली इतिहास सामने लाना जरूरी – मारोती कोलावार
प्रमुख वक्ता मारोती कोलावार ने अपने संबोधन में वर्ष 1794 में जन्मे लहुजी वस्ताद साल्वे के जीवन, संघर्ष, देशभक्ति एवं क्रांतिकारी योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मातंग समाज का गौरवशाली इतिहास लंबे समय तक उपेक्षित रहा है। समाज के ऐतिहासिक योगदान को उचित स्थान नहीं मिलने के कारण नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई। उन्होंने आगे कहा कि लहुजी वस्ताद सालवे ने अपनी तालिम के माध्यम से अनेक क्रांतिकारियों को तैयार कर देशसेवा एवं स्वतंत्रता संग्राम के लिए प्रेरित किया। महात्मा ज्योतिराव फुले उनके शिष्य थे। इसके अलावा वासुदेव बळवंत फडके, बाळ गंगाधर टिळकतथा अन्य क्रांतिकारियों को भी लहुजी के विचारों एवं प्रशिक्षण से प्रेरणा मिली। ऐसे महान क्रांतिकारी के योगदान को इतिहास में उचित स्थान मिलना चाहिए। मातंग समाज का देश के निर्माण एवं स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है।
समाज को संगठित कर बड़े स्तर पर जयंती मनाने का संकल्प
कार्यक्रम के संचालक विनोद येनगंटीवार ने भी लहुजी वस्ताद सालवे के जीवन चरित्र एवं उनके सामाजिक तथा क्रांतिकारी कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लहुजी वस्ताद जैसे महान व्यक्तित्व के योगदान को शासन स्तर पर अपेक्षित पहचान नहीं मिली है। आने वाले समय में उनके कार्यों की उचित दखल लेने के लिए समाज शासन-प्रशासन को ध्यान आकर्षित करने के लिए मजबूर करेगा। उन्होंने समाजबंधुओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान आयोजन एक छोटी-सी शुरुआत है। भविष्य में इससे भी बड़े स्तर पर लहुजी वस्ताद की जयंती मनाई जाएगी। समाज में एकता, जागरूकता और संगठन की भावना मजबूत कर महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही हमारा प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में मारोती कोलावार ने आभार प्रदर्शन किया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अजय आरपल्लीवार, विवेक कोडकंटीवार, अक्षय आरपल्लीवार, नागेश दासरवार, समीर कोडकंटीवार, निलेश कोडकंटीवार, फकीरा दासरवार, रवी जिडपल्लीवार, जगन्नाथ दासरवार, दिलीप येनगंटीवार, संजय दासरवार, राकेश कोम्मावार सहित अन्य समाजबंधुओं ने विशेष सहयोग दिया। समाजबंधुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ यह जयंती समारोह हर्षोल्लास एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
संवाददाता : मारोती कोलावार

No Previous Comments found.