गांधीनगर आईटीआई परिसर में मंत्री कुंवरजीभाई बावळिया ने लगाया पौधा

गांधीनगर : गुजरात सरकार के श्रम, कौशल विकास और रोजगार विभाग ने वन विभाग के सहयोग से राज्य के सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में राज्यव्यापी वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया। पर्यावरण के संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और वृक्षारोपण को लेकर जनजागृति फैलाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के तहत राज्य के सभी 289 सरकारी आईटीआई संस्थानों में 10 हजार से अधिक पौधे लगाए गए।
इस राज्यव्यापी अभियान के अंतर्गत श्रम, कौशल विकास और रोजगार मंत्री श्री कुंवरजीभाई बालळिया ने गुरुवार को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गांधीनगर में विशेष रूप से उपस्थित रहकर पौधा लगाया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित महानुभावों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
वृक्षारोपण के बाद मंत्री श्री कुंवरजीभाई बावळिया ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसे वैश्विक चुनौतीपूर्ण हालात से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी समुचित देखभाल एवं संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। युवाओं के लिए यह अत्यंत जरूरी है कि वे अपने भीतर कौशल विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति अपना सामाजिक दायित्व भी समझे। उन्होंने सभी नागरिकों का आह्वान किया कि वे केवल वृक्षारोपण तक ही सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और देखभाल के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहें।
कार्यक्रम में गांधीनगर की महापौर श्रीमती मीराबेन पटेल, गांधीनगर उत्तर की विधायक श्रीमती रीटाबेन पटेल, अग्रणी श्री आशीषभाई दवे, रोजगार एवं प्रशिक्षण निदेशक श्री ए.के. वस्ताणी, अपर निदेशक श्री राठवा, श्रम, कौशल विकास और रोजगार विभाग के संयुक्त सचिव श्री तेजस सोनी, उप निदेशक (प्रशिक्षण) गांधीनगर श्री एम.आर. पुराणी, उप निदेशक (प्रशिक्षण) अहमदाबाद श्री धृतिबेन जोशी, आईटीआई गांधीनगर की प्राचार्य श्रीमती मानसीबेन तेरैया, विभाग के उच्च अधिकारी, कर्मचारी, स्टाफ और प्रशिक्षार्थी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : राकेश शाह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.