अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग रेफरी बनी अंशिका यादव
खानपुर (गाजीपुर) : भुजाड़ी गांव की बॉक्सिंग खिलाड़ी अंशिका यादव अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग रेफरी परीक्षा पास कर अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। अंशिका ने इंटरनेशनल बॉक्सिंग रेफरी परीक्षा पास कर देश की पहली महिला अंतरराष्ट्रीय रेफरी बनी है। भुजाड़ी के बस ड्राइवर अशोक यादव की होनहार बेटी अंशिका इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में भारत की ओर से बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में अब निर्णायक की भूमिका अदा करेंगी। देश विदेश में आयोजित इंटरनेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अपने देश भारत की ओर से निर्णायक एवं रेफरी की भूमिका निभाएंगी। इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन स्विट्जरलैंड से अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग रेफरी जज परीक्षा का परिणाम 24 अप्रैल को आते ही पूरा गांव खुशी से झूम उठा। आंध्रप्रदेश में आयोजित इंटरनेशनल बॉक्सिंग रेफरी परीक्षा में अंशिका शामिल हुई थी। इस परीक्षा में अंशिका अच्छे नम्बर से उत्तीर्ण होकर वन स्टार इंटरनेशनल रेफरी बनी है। इकतीस वर्षीय अंशिका बॉक्सिंग में कई मेडल जीत कर नाम रोशन कर चुकीं है। अंशिका के बड़े पिताजी पूर्व जिपं सदस्य रामबचन यादव ने बताया कि अंशिका की सफलता ने गांव की बालिकाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकने का मार्ग प्रशस्त कर दिया। अब गांव की बेटियां भी सीमित संसाधनों में अपनी विशिष्ट प्रतिभा से वैश्विक पटल पर नाम कमा रहीं है। अंशिका की सफलता उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए गौरव की बात है।
रिपोर्टर : गोविन्द कुमार


No Previous Comments found.