मिर्जागंज में गणपति पूजा के अवसर पर भव्य लंगर, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
मिर्जागंज : मिर्जागंज गणपति पूजा समिति की ओर से मिर्जागंज काली मंडप परिसर में गणपति पूजा के अवसर पर भव्य लंगर एवं महाप्रसाद का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मिर्जागंज सहित बदडीहा, जगरनाथडीह, महतोटांड़, लताकी, जमुआ समेत दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और लंगर का महाप्रसाद ग्रहण किया।
गणपति पूजा को लेकर पूरे मिर्जागंज क्षेत्र को आकर्षक रंगीन लाइटों से सजाया गया है। शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा पूजा परिसर और आसपास का क्षेत्र जगमगा उठा। पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार पहुंचती रही। लंगर में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धालुओं के बीच व्यवस्थित तरीके से महाप्रसाद का वितरण किया गया।
बताया गया कि मिर्जागंज में गणपति भगवान की प्रतिमा महाराष्ट्र से लाकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की जाती है। वर्ष 2009 से लगातार मिर्जागंज में गणपति पूजा का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणपति पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि गणपति पूजा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव को मजबूत करना भी है। पूजा एवं लंगर में आसपास के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्य प्रवीण साव, चंदन साव, मुकेश साव, राजेश, धारी, धर्मेंद्र, रोहित, बंटू, गोपु, गुड्डू, पप्पू, सुरेश, डमरू, सुनील वर्मा और रोशन सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से पूजा कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने की अपील की।
गणपति पूजा एवं भव्य लंगर के दौरान पूरा मिर्जागंज भक्तिमय वातावरण में नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
रिपोर्टर : आशीष भदानी
No Previous Comments found.