गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म के आरोप पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने जताई चिंता
गिरिडीह : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में न्याय की गुहार लेकर पहुंची एक महिला के साथ पुलिसकर्मी पर कथित दुष्कर्म के गंभीर आरोप को लेकर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इस घटना को बेहद शर्मनाक और गंभीर बताते हुए झारखंड सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि जिस पुलिस थाने में महिलाओं को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए, वहीं इस तरह के गंभीर आरोप सामने आना पूरी कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "रक्षक ही जब भक्षक बन जाए, तो न्याय की गुहार लेकर बेटियां आखिर कहां जाएं?"
उन्होंने कहा कि राज्य में महिला पुलिस महानिदेशक होने के बावजूद इस तरह का मामला सामने आना बेहद चिंताजनक है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड सरकार से मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पीड़िता की सुरक्षा, गरिमा, गोपनीयता और न्याय सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया।
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है और राज्य सरकार इस गंभीर मामले में मूकदर्शक नहीं बनी रह सकती।
रिपोर्टर : अमित

No Previous Comments found.