एलपीजी की किल्लत और ऊर्जा संकट के लिए केंद्र की गलत नीतियां जिम्मेदार: कासिम अंसारी
गिरिडीह - देश में गहराते ऊर्जा संकट और रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत को लेकर जमुआ देवरी के झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के युवा नेता कासिम अंसारी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अंसारी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक और विदेश नीतियों के कारण आज आम आदमी की रसोई से लेकर छोटे कारोबारियों का धंधा चौपट हो रहा है।
विदेश नीति की विफलता का असर
कासिम अंसारी ने कहा कि भारत की विदेश नीति में हुई चूकों के कारण पुराने मित्र देशों के साथ संबंध कमजोर हुए हैं। उन्होंने तर्क दिया कि देश में गैस और तेल का एक बड़ा हिस्सा मध्य पूर्व से आता है, लेकिन वहां जारी तनाव और भारत की लचर कूटनीति की वजह से आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। अंसारी के अनुसार, यदि कूटनीति बेहतर होती, तो आज देश को इस तरह के ऊर्जा संकट का सामना नहीं करना पड़ता।
छोटे कारोबारियों की टूटी कमर
जेएमएम नेता ने कहा कि गैस की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण छोटे होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं या बंद हो चुके हैं। इन व्यवसायों को रोजाना गैस की जरूरत होती है, लेकिन आपूर्ति बाधित होने से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है।
उत्पादन में गिरावट और आयात पर बढ़ती निर्भरता
अंसारी ने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि घरेलू स्तर पर एलपीजी उत्पादन में भारी गिरावट आई है। सरकार की दूरदर्शिता की कमी की वजह से अब हम पूरी तरह आयात पर निर्भर हो गए हैं, जिसका सीधा खामियाजा आम जनता भुगत रही है।
रिपोर्टर - आशीष भदानी

No Previous Comments found.