84 कोसी परिक्रमा मार्ग के मुआवजे में लाखों की हेराफेरी का आरोप
गोंडा - तरबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रंगी माजरा जनवार पुरवा निवासी साधु पुत्र फेराई ने गांव के ही एक व्यक्ति पर मुआवजे की रकम में हेराफेरी और धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार 84 कोसी परिक्रमा मार्ग में आने वाले उनके मकान के मुआवजे के रूप में लगभग 24 लाख 29 हजार 720 रुपये उनके खाते में आए थे। पीड़ित साधु का आरोप है कि गांव निवासी एक व्यक्ति ने विश्वास में लेकर उनका आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं बैंक पासबुक अपने पास रख लिया और इसी का फायदा उठाकर लगभग 10 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए। साधु का कहना है कि उनका बैंक खाता भारतीय स्टेट बैंक मिनी ब्रांच दुर्जनपुर घाट में खुलवाया गया था और विपक्षी ने अपने मोबाइल नंबर लिंक कराकर किसी प्रकार से पैसे की निकासी कर ली। पीड़ित ने बताया कि वह और उनकी पत्नी दोनों पढ़े-लिखे नहीं हैं और सीधे-साधे होने के कारण उन्होंने भरोसा करके अपने दस्तावेज सौंप दिए थे। अब जब वह अपने दस्तावेज वापस मांग रहे हैं तो उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
पीड़ित द्वारा तरबगंज कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई गई है। इस मामले में जब मीडिया द्वारा कोतवाली प्रभारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल यह उठता है कि आखिर मुआवजे की रकम में कथित हेराफेरी कैसे हुई और यदि आरोप सही हैं तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी, यह जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
रिपोर्टर - शिवराम पांडे
No Previous Comments found.