84 कोसी परिक्रमा मुआवजे में लाखों की हेराफेरी का आरोप!
गोंडा - तरबगंज क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने मुआवजा प्रक्रिया और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला तरबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रांगी माजरा जनवार पुरवा का है, जहां निवासी साधु पुत्र फेराई ने गांव के ही एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि 84 कोसी परिक्रमा मार्ग में आने वाले उनके मकान के मुआवजे के रूप में करीब 24 लाख 29 हजार 720 रुपये उनके खाते में आए थे, लेकिन भरोसे का फायदा उठाकर लाखों रुपये की कथित हेराफेरी कर दी गई। पीड़ित के मुताबिक,आरोपित व्यक्ति ने विश्वास में लेकर आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक अपने कब्जे में रख ली और इसी का फायदा उठाते हुए करीब 10 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर पीड़ित के आरोप सही हैं, तो आखिर बिना जानकारी के इतनी बड़ी रकम खाते से कैसे निकल गई? क्या बैंकिंग प्रक्रिया में कहीं लापरवाही हुई? या फिर किसी सुनियोजित तरीके से पूरा खेल खेला गया?
पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने अपने दस्तावेज वापस मांगे तो उन्हें जान से मारने तक की धमकी दी गई। पीड़ित और उनकी पत्नी दोनों अशिक्षित हैं और उनका कहना है कि इसी मजबूरी और भरोसे का फायदा उठाया गया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित ने 6 मई 2026 को तरबगंज कोतवाली में शिकायत देकर न्याय की मांग की है। वहीं इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या पीड़ित को न्याय मिलेगा? क्या लाखों रुपये की कथित हेराफेरी करने वालों पर कार्रवाई होगी? और क्या जांच के बाद इस पूरे मामले का सच सामने आ पाएगा? फिलहाल,यह मामला जांच के दायरे में है और हम किसी भी आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करते।
रिपोर्टर - शिवराम पांडे
No Previous Comments found.