स्टडी टेबल पाकर खिले नौनिहालों के चेहरे, पढ़ाई को मिलेगा बेहतर माहौल
गोण्डा - तरबगंज परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तरबगंज ब्लॉक में सराहनीय पहल की गई। तहसील तरबगंज शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय अर्जुनपुर,प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर एवं जूनियर हाई स्कूल चंदिपुर में बच्चों को पढ़ाई के लिए स्टडी टेबल उपलब्ध कराई गईं।
तरबगंज ब्लॉक प्रमुख मनोज पांडेय एवं खंड विकास अधिकारी तरबगंज श्रीमती सुष्मिता यादव ने विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल वितरित कीं। स्टडी टेबल मिलने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। अब बच्चे सुविधाजनक तरीके से बैठकर अपनी पढ़ाई और गृहकार्य कर सकेंगे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मनोज पांडेय ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ पढ़ाई के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी बेहद जरूरी है। वहीं बीडीओ श्रीमती सुष्मिता यादव ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए सुविधाजनक शैक्षिक वातावरण तैयार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विद्यालय के शिक्षकों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्टडी टेबल मिलने से बच्चों को पढ़ाई में सुविधा होगी और उनमें शिक्षा के प्रति रुचि भी बढ़ेगी। इस दौरान विद्यालयों के शिक्षक,कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिपोर्टर - शिवराम पांडेय
No Previous Comments found.