जंगली जानवर ने 10-12 भेड़ों को बनाया शिकार, गड़रिया परिवार पर टूटा रोजी-रोटी का संकट
तरबगंज (गोण्डा) : तहसील तरबगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिवरहा में जंगली जानवर के हमले से जगराम गड़रिया की करीब 10 से 12 भेड़ों की मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित पशुपालक के सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। जगराम गड़रिया भेड़ पालन और उन्हें चराकर अपने परिवार का जीवन-यापन करता था। भेड़ें ही उसकी आय का प्रमुख साधन थीं, ऐसे में अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे में है।
घटना की जानकारी ग्राम प्रधान शिवाजी पांडे ने मीडिया को दी। सूचना मिलने पर मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पशुओं की मौत के संबंध में जानकारी लेने के लिए तरबगंज के पशु चिकित्सा अधिकारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
ग्राम पंचायत चिवरहा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आती है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों में जंगली जानवर के आतंक को लेकर चिंता बनी हुई है।
मीडिया कर्मियों ने मामले की जानकारी उपजिलाधिकारी तरबगंज प्रदीप कुमार सिंह को भी दी तथा पशु स्वास्थ्य विभाग की ओर से मौके पर कार्रवाई नहीं होने की जानकारी से भी अवगत कराया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगली जानवर के हमले की जांच कराकर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए तथा पीड़ित पशुपालक जगराम गड़रिया को मृत भेड़ों के नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि उसके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट कम हो सके।
रिपोर्टर : शिवराम पांडे
No Previous Comments found.