पुरानी रंजिश में विवाद के बाद दुर्गा प्रतिमा और टेंट में लगी आग, दो नामजद आरोपी हिरासत में

गोंडा -  पकवान गांव स्थित अंबेडकर स्कूल में हुई घटना, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा; दुर्गा प्रतिमा की पुनर्स्थापना की प्रक्रिया जारी उमरी बेगमगंज, गोंडा। गोंडा जनपद के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पकवान गांव स्थित अंबेडकर स्कूल परिसर में शनिवार को दुर्गा प्रतिमा के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान मारपीट और हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी बीच टेंट और मां दुर्गा की प्रतिमा में आग लग गई, जिससे टेंट और प्रतिमा का कुछ हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद गांव में हलचल मच गई। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी सूर्य प्रकाश सिंह और उनके पुत्र विमलेश प्रताप सिंह की ओर से अंबेडकर स्कूल परिसर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कराई गई थी। शनिवार सुबह आयोजकों और रामदेव पुत्र जग प्रसाद, संदीप पुत्र जग प्रसाद सहित अन्य लोगों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आग लगने से टेंट और दुर्गा प्रतिमा को नुकसान पहुंचा।

दो नामजद आरोपी हिरासत में

घटना के संबंध में आयोजक पक्ष की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना उमरी बेगमगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

दुर्गा प्रतिमा की पुनर्स्थापना की प्रक्रिया जारी

घटना के बाद क्षतिग्रस्त दुर्गा प्रतिमा को पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। घटना के कारणों और आग लगने की परिस्थितियों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के पकवान गांव में हुई इस घटना को लेकर पुलिस कार्रवाई में जुटी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

रिपोर्टर : शिवराम पांडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.