सलगावा व लुटा क्षेत्र में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई.

हजारीबाग : उपायुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को उत्पाद विभाग ने कटकमदाग थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशन एवं निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में सलगावा (हरिजन टोला) तथा लुटा क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान सलगावा हरिजन टोलामें संचालित 8, लुटा क्षेत्र में 10 तथा सलगावा के विभिन्न घरों में संचालित 5 अवैध महुआ शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। कुल 23 जलती हुई भट्ठियों पर कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब निर्माण के अड्डों को नष्ट कर दिया।अभियान के दौरान घटनास्थल एवं आसपास छिपाकर रखे गए लगभग 1200 किलोग्राम जावा महुआ को विनष्ट किया गया। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री, बर्तन एवं करीब 220 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की गई।उत्पाद विभाग ने बताया कि मामले में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है तथा उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।छापेमारी दल में निरीक्षक उत्पाद सौरभ कुमार झा, अवर निरीक्षक भुनेश्वर नायक, अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह तथा सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.