बरही के प्राचीन छठ घाट पर पहली बार गूंजेगी गंगा आरती, बनारस के पुरोहित करेंगे महाआरती

बरही : लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर बरही में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में बरही के ऐतिहासिक एवं प्राचीन छठ घाट पर इस वर्ष पहली बार भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया जाएगा। बनारस से पहुंचने वाले विद्वान पुरोहितों द्वारा नदी के बीचोंबीच पारंपरिक विधि-विधान से महाआरती की जाएगी। संध्या अर्घ्य के उपरांत होने वाले इस विशेष आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है।

छठ घाट की साफ-सफाई में स्थानीय लोगों और युवाओं के साथ बरही प्रशासन की भी सक्रिय भागीदारी रही। एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर एवं बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव ने भी स्थानीय लोगों के साथ घाट पहुंचकर श्रमदान किया। प्रशासनिक अधिकारियों की इस सहभागिता से स्थानीय लोगों का उत्साह और बढ़ा है।

इस अवसर पर बरही पश्चिमी मुखिया शमशेर आलम ने कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए इस बार पहले से भी बेहतर व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और घाट का वातावरण स्वच्छ एवं सुंदर बना रहे।

वहीं बरही विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर ने कहा कि बरही में पहली बार भव्य गंगा महाआरती की शुरुआत होने जा रही है। नदी के बीचोंबीच बनारस के पुरोहितों द्वारा पारंपरिक तरीके से महाआरती की जाएगी। संध्या अर्घ्य के उपरांत इस आयोजन को सुनिश्चित किया गया है। यह आयोजन बरही के धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल को एक नई पहचान देगा।

सांसद प्रतिनिधि भगवान केसरी ने कहा कि इस प्राचीन छठ घाट पर वर्षों से छठ पूजा होती आ रही है। राज सिंह के नेतृत्व में सफाई अभियान में जुटी पूरी टीम बधाई और धन्यवाद की पात्र है। सामूहिक प्रयासों से घाट पहले से अधिक सुंदर और व्यवस्थित नजर आ रहा है। आगे भी युवाओं के सहयोग से इसे और बेहतर बनाया जाएगा।

मुखिया प्रतिनिधि अमित सिंह ने कहा कि घाट की सफाई में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों का सराहनीय सहयोग रहा है। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान टिंकू आलम, पप्पू निषाद, विकास सिंह, वीरेंद्र पांडेय सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय युवा उपस्थित रहे।

बनारस की तर्ज पर होने वाली पहली गंगा महाआरती इस बार बरही के छठ महापर्व का विशेष आकर्षण बनने जा रही है। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और युवाओं के सामूहिक प्रयासों से प्राचीन छठ घाट को नया स्वरूप देने की पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिपोर्टर : राहुल राणा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.