कस्तूरबा विद्यालय में सोशल ऑडिट व ग्रामसभा बैठक आयोजित, छात्राओं की सुविधाओं पर चर्चा

चौपारण : प्रखंड के मानगढ़ स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में गुरुवार को सोशल ऑडिट, ग्रामसभा एवं विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं, आवासीय व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता एवं विद्यालय के बेहतर संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान ग्रामसभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी और उन्हें पारित किया गया।बैठक में विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, साफ-सफाई, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी विचार-विमर्श किया गया। सोशल ऑडिट के माध्यम से विद्यालय में संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा कमियों को दूर करने और व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।वक्ताओं ने कहा कि आवासीय विद्यालयों के बेहतर संचालन में ग्रामसभा और विद्यालय प्रबंधन समिति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यालय केवल शिक्षकों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में छात्राओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय के विकास और सुचारु संचालन के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने की बात कही गई।

इस अवसर पर मानगढ़ पंचायत के मुखिया अर्जुन पांडेय, सोशल ऑडिट से सुरेंद्र दास एवं अनीता कुमारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, वार्डन ललिता कुमारी, पूर्व वार्डन संघमित्रा कुमारी सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं अन्य शिक्षक उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने विद्यालय की व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.