30 घंटे से अधिक जाम में कराहता रहा चौपारण, सड़क पर उतरे एसडीओ और बीडीओ

चौपारण : जीटी रोड एनएचआई 19पर 30 घंटे से अधिक समय से जारी भीषण जाम ने चौपारण की यातायात व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। जाम में हजारों यात्री हलकान हैं। वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारों के बीच लोग घंटों फंसे रहने को मजबूर हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए आखिरकार प्रशासनिक अधिकारियों को खुद सड़क पर उतरकर मोर्चा संभालना पड़ा।गुरुवार को पांडेयबारा में एसडीओ जोहन टुडू, बीडीओ नितेश भास्कर और पुलिस प्रशासन के अधिकारी डंडा लेकर सड़क पर उतरे। अधिकारियों ने सड़क पर मोर्चा संभालते हुए वाहनों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने और जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मी भी यातायात व्यवस्था बहाल करने में जुटे रहे।जीटी रोड पर जाम का आलम यह है कि छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। कई यात्री रातभर अपने वाहनों में फंसे रहे। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। जरूरी काम से निकले लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। जाम के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर 30 घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहने के बावजूद स्थिति समय रहते सामान्य क्यों नहीं हो सकी? अधिकारियों के सड़क पर उतरने के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही जाम से राहत मिलेगी। हालांकि, इस संकट ने एक बार फिर जीटी रोड पर स्थायी यातायात प्रबंधन और जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.