ज्ञान कुंज इंटरनेशनल स्कूल में संविधान दिवस पर विशेष प्रातःकालीन सभा आयोजित
चौपारण : ज्ञान कुंज इंटरनेशनल स्कूल,रानीक मोड़,चौपारण में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर विशेष प्रातःकालीन सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की नियमित प्रातःकालीन गतिविधियों के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य चिरंजीत सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का आदर्श प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने, दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया, जिसे विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से दोहराया। साथ ही राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, सामाजिक सद्भाव और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति निष्ठावान रहने का संकल्प लिया।विद्यालय के अध्यक्ष अवधेश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। विद्यार्थियों को इसके आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि अपने व्यवहार और जीवन में भी अपनाना चाहिए। वहीं सचिव सरवजीत कुमार ने न्याय, समानता, ईमानदारी, आपसी सम्मान और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।विद्यालय के समन्वयक श्याम सहाय ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक चेतना और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम के दौरान 26 नवंबर 2008 को हुए मुंबई आतंकी हमले में शहीद जवानों और जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने मौन रखकर मृतकों को नमन किया तथा आतंकवाद के विरुद्ध राष्ट्रीय एकता और शांति का संदेश दिया।मौके पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों में मीना हेम्ब्रम, शुभम कुमार, अजीत कुमार, अंकित कुमार, महाविष अशरफ, एडमिन हेड प्रमोद सिंह, अकाउंटेंट आशीष कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन संविधान के आदर्शों, देशभक्ति, शांति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ हुआ।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.