पार्थ ने यूजीसी नेट में मारी बाजी, 99.47 %अंक हासिल कर बढ़ाया हरदोई का मान
हरदोई : ब्लाक कोथावां के ग्राम भैनगांव निवासी पार्थ विक्रम सिंह चौहान ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा जून 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.47 पर्सेंटाइल हासिल कर सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पार्थ विक्रम सिंह चौहान शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने कक्षा आठ तक की शिक्षा शहर के सेंट जेम्स स्कूल से पूरी की। इसके बाद लखनऊ और वाराणसी से उच्च शिक्षा प्राप्त की। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय से परास्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं।
पार्थ का सपना उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शोध करते हुए एक प्रखर शिक्षाविद के रूप में अपनी पहचान स्थापित करना है। वह अपने चाचा डॉ. राजवीर सिंह चौहान, डॉ. कुलवीर सिंह चौहान एवं मौसी डॉ. दिव्या सोमवंशी से प्रेरणा लेकर शोध और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं।
पार्थ के पिता कर्मवीर सिंह चौहान अधिवक्ता हैं। वह हरदोई बार एसोसिएशन और भाजपा के महामंत्री भी रह चुके हैं। उनकी माता सुभाषिनी सिंह उच्च प्राथमिक विद्यालय इटौली में प्रधानाचार्या हैं। पार्थ के छोटे भाई यथार्थ विक्रम कक्षा 12 के छात्र हैं।
पार्थ की सफलता पर उनके ताऊ, चाचा, भाई-बहनों सहित गांव और क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। लोगों ने उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्टर : आशीष गुप्ता
No Previous Comments found.