हत्या के प्रयास मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस, अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी

हवेली : पुणे पुलिस ने गुरुवार को भारती विद्यापीठ पुलिस थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों का सार्वजनिक जुलूस निकालकर क्षेत्र में बढ़ते अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया।

पुलिस आरोपियों को उन इलाकों से होकर ले गई, जहां उन्होंने कथित रूप से आपराधिक गतिविधियों के जरिए लोगों में भय का माहौल बना रखा था। जुलूस के दौरान पुलिस ने आदतन अपराधियों को चेतावनी दी कि वे दहशत फैलाने, नागरिकों को धमकाने और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने से बाज आएं।

आरोपियों को संबोधित करते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति स्थानीय नागरिकों को डराने-धमकाने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब या गांजा जैसे मादक पदार्थों का सेवन करने अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भारती विद्यापीठ पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक माणसिंग पाटिल ने बताया कि कुछ दिन पहले थाना क्षेत्र में हुई हत्या के प्रयास की घटना के संबंध में इन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी और तलवार जैसे घातक हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

पुलिस के अनुसार, स्थानीय नागरिकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आरोपी लोगों को धमका रहे थे और इलाके में भय का वातावरण बना रहे थे।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने और अन्य आदतन अपराधियों को चेतावनी देने के उद्देश्य से आरोपियों का सार्वजनिक जुलूस निकाला।

पुलिस ने बताया कि हत्या के प्रयास के इस मामले की जांच अभी जारी है।

 संवादाता : यश सोलंकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.