पालखी मार्ग पर वारकरियों की सेवा में जुटा मोहम्मदवाडी-उंड्री-पिसोली वेलफेयर ग्रुप, जलपान व पेयजल वितरित

हवेली : मोहम्मदवाडी: सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए मोहम्मदवाडी-उंड्री-पिसोली वेलफेयर ग्रुप ने शनिवार को वार्षिक पालखी सोहळे के दौरान वारकरियों के लिए जलपान सेवा का आयोजन किया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं को नाश्ता एवं स्वच्छ पेयजल वितरित किया गया।

यह सेवा उपक्रम उंड्री-पिसोली स्थित अंबेडकर होटल चौक, आफताब कैटरर्स के समीप आयोजित किया गया। स्वयंसेवकों ने वारकरियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी आध्यात्मिक यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से जलपान उपलब्ध कराया। कार्यक्रम के माध्यम से करुणा, एकता और निस्वार्थ सेवा की भावना को साकार किया गया।

कार्यक्रम में नगरसेविका स्वेता ताई सचिन घुले ने उपस्थित होकर स्वयंसेवकों के सेवा कार्य की सराहना की। इस अवसर पर सचिन घुले तथा रोहन गायकवाड़ ने भी वारकरियों को जलपान वितरित किया और उनसे संवाद किया।

वेलफेयर ग्रुप के प्रतिनिधियों ने कहा, "वारकरियों की सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। इस पहल के माध्यम से हम शांति, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देना चाहते हैं तथा श्रद्धालुओं की आध्यात्मिक यात्रा में सहयोग करना हमारा उद्देश्य है।"

एक अन्य प्रतिनिधि ने कहा कि पालखी केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाली परंपरा है। इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी स्वयंसेवकों, समर्थकों और स्थानीय नागरिकों का उन्होंने आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सेवा कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

आयोजकों ने बताया कि महाराष्ट्र की इस ऐतिहासिक पालखी परंपरा में हर वर्ष लाखों वारकरी शामिल होते हैं। यात्रा मार्ग पर अनेक सामाजिक संस्थाएं और नागरिक भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराकर वारकरियों की सेवा करते हैं, जिससे सामाजिक एकता और मानव सेवा की भावना को मजबूती मिलती है।

संवादाता : यश सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.