हजारीबाग में ECCE एवं प्री स्कूल शिक्षा पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
हजारीबाग : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), हजारीबाग में शुक्रवार को प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) तथा प्री-स्कूल शिक्षा विषय पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (DDC) ने की, जबकि जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (DSWO) विशेष रूप से उपस्थित रहे।प्रशिक्षण में जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं (LS) ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण प्री-स्कूल शिक्षा को सुदृढ़ करना तथा बच्चों के समग्र विकास के लिए खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देना था।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने समूहों में कार्य करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में उपयोग के लिए 10 प्रकार की शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) तैयार की। इन सामग्रियों का उद्देश्य बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक, सहभागितापूर्ण और प्रभावी बनाना है।अपने संबोधन में DDC ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास की आधारशिला होती है। उन्होंने ECCE के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में उतारने का आग्रह किया।
वहीं DSWO ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण प्री-स्कूल शिक्षा सुनिश्चित कर बच्चों के सीखने के परिणामों में सकारात्मक सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल और अनुभव को क्षेत्र स्तर पर लागू करने की अपील की।प्रशिक्षण सत्र का संचालन एवं तकनीकी सहयोग PPIA फेलो सुश्री निदा ज़रीन एवं श्री मनीष द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में ECCE पाठ्यचर्या, आयु-उपयुक्त शिक्षण गतिविधियों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में प्री-स्कूल शिक्षा के प्रभावी संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.