बरही का 'धमना' बना नशे का गढ़: मुर्गी फार्म की आड़ में चल रहा था डोडा तस्करी का बड़ा खेल, 697 किलो बरामद
बरही : हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र का रसोईया धमना गांव एक बार फिर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर सुर्खियों में है। पुलिस ने बुधवार रात एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मुर्गी फार्म के पास बने एस्बेस्टस (कोर्केट) के कमरे से भारी मात्रा में डोडा बरामद किया है। पुलिस की इस छापेमारी में कुल 47 बोरों में बंद करीब 697 किलोग्राम डोडा जब्त किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
पोल्ट्री फार्म के पीछे छिपा था काला कारोबार
तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए एक शातिर तरीका अपनाया था। वे सामान्य दिखने वाले एक मुर्गी फार्म की आड़ में इस प्रतिबंधित नशीले पदार्थ का भंडारण कर रहे थे। बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि तस्करों की योजना इस भारी खेप को बाहरी राज्यों या अन्य जिलों के बड़े तस्करों को बेचने की थी। हालांकि, सौदा होने से पहले ही पुलिस की विशेष टीम ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी फरार, दो नामजद
छापेमारी टीम का नेतृत्व खुद एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर और थाना प्रभारी विनोद कुमार कर रहे थे। लेकिन पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों—बंगाली साव उर्फ बबलू साव (पिता गँगो साव) और सुनील राणा (पिता कैलाश राणा) को नामजद किया है। दोनों के खिलाफ बरही थाने में अवैध मादक पदार्थों के भंडारण और तस्करी की धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।
सफेदपोशों और अंतरराज्यीय नेटवर्क पर पुलिस की नजर
धमना पंचायत का मादक पदार्थों की तस्करी से पुराना नाता रहा है और यह इलाका पहले भी ऐसे मामलों के लिए चर्चा में आ चुका है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा की उत्पत्ति कहां से हुई और इसे किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। एसडीपीओ ने साफ किया है कि इस रैकेट के पीछे जुड़े अन्य बड़े चेहरों और अंतरराज्यीय नेटवर्क को खंगाला जा रहा है, और जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
इस सफल अभियान में पुनि सह थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिस आरक्षी निरीक्षक सुमित साव, कपुल दीपक नाग और सुशील कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
रिपोर्टर : राहुल राणा
No Previous Comments found.