कल्याण योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, 15 अक्टूबर तक होगा पात्र लाभुकों का चयन

हजारीबाग :समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें बिरहोर टांडा आवास, सरना-मसना योजना, कब्रिस्तान घेराबंदी, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, पशुपालन योजना और एससी-एसटी छात्रावासों समेत विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लाभुकों को समय पर लाभ पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।उपायुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी को कल्याण शाखा के पदाधिकारियों के बीच स्पष्ट कार्य विभाजन सुनिश्चित करने को कहा। सरना-मसना योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 की अपूर्ण योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने तथा कब्रिस्तान घेराबंदी के लंबित कार्यों को जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना की समीक्षा के दौरान सभी पात्र आवेदनों को स्वीकृत कर नियमानुसार राज्य सरकार को अग्रसारित करने को कहा।पशुपालन योजना में प्रखंडवार लाभुकों का लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने 15 अक्टूबर तक पात्र लाभुकों का चयन पूरा करने को कहा। चयन के बाद जिला स्तर की प्रक्रिया पूरी कर लाभुकों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।बैठक में एससी-एसटी छात्रावासों की स्थिति की भी समीक्षा हुई। खिरगांव और दीपुगढ़ा छात्रावास के संबंध में आवश्यक विभागीय पत्राचार करने तथा सभी संचालित और असंचालित छात्रावासों में बुनियादी सुविधाओं का आकलन करने का निर्देश दिया गया। बेड, कुर्सी, पंखा, बिजली, पेयजल, गेट, गेटकीपर, बोरिंग और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि छात्रावासों का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके।बैठक में उपविकास आयुक्त रिया सिंह, जिला योजना पदाधिकारी पंकज तिवारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, कल्याण विभाग के अधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.