बरही विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा नेताओं ने खाटू श्याम के दरबार में टेका माथा

चौपारण (हजारीबाग) : बरही विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, रोजगार के नए अवसर, उद्योग-धंधों की स्थापना और क्षेत्र में अमन-चैन की कामना को लेकर मंगलवार, 15 सितंबर को भाजपा नेताओं एवं समाजसेवियों ने खाटू श्याम भगवान के दरबार में माथा टेका। इस दौरान भगवान खाटू श्याम से बरही विधानसभा क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य और खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई।

बरही विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव, वरिष्ठ समाजसेवी लाल बहादुर साव, युवा नेता सह एपल डायग्नोशिस सेंटर रांची के संचालक राहुल रंजन तथा राजकुमार सिंह ने खाटू श्याम भगवान का दर्शन कर क्षेत्र के विकास की कामना की। नेताओं ने कहा कि बरही विधानसभा क्षेत्र झारखंड के मानचित्र पर एक विकसित विधानसभा के रूप में अपनी पहचान बनाए, क्षेत्र के लोगों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर मिलें तथा यहां उद्योग एवं कारखाने स्थापित हों, यही उनकी भगवान से प्रार्थना है।

नेताओं ने कहा कि आजादी के बाद से बरही विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक रूप से कई जनप्रतिनिधियों ने नेतृत्व किया। वर्ष 1952 में पहली बार बरही विधानसभा से कामाख्या नारायण सिंह विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद 1957 में रामेश्वर महथा, 1962 में पुनः कामाख्या नारायण सिंह, 1967 और 1969 के उपचुनाव में इंद्रजीतेंद्र नारायण सिंह, 1972 में रामेश्वर महथा, 1977 में ललिता राजलक्ष्मी, 1980 के उपचुनाव में निरंजन प्रसाद सिंह, 1990 में रामलखन सिंह तथा 1995 में मनोज कुमार यादव विधायक बने।

मनोज कुमार यादव वर्ष 2009 तक लगातार तीन बार विधायक रहे। वर्ष 2009 में उमाशंकर अकेला विधायक बने। वर्ष 2014 में मनोज कुमार यादव ने पुनः जीत दर्ज की, जबकि 2019 में उमाशंकर अकेला दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 2024 में बरही की जनता ने एक बार फिर मनोज कुमार यादव पर भरोसा जताते हुए उन्हें विधायक चुना।

नेताओं का कहना है कि लंबे राजनीतिक इतिहास के बावजूद बरही विधानसभा क्षेत्र में अपेक्षित औद्योगिक एवं रोजगारपरक विकास नहीं हो सका। क्षेत्र में बड़े उद्योग, कारखाने और बड़े शैक्षणिक संस्थान स्थापित नहीं हो पाए, जिसके कारण रोजगार के लिए युवाओं को दूसरे शहरों और राज्यों की ओर पलायन करना पड़ता है।

हालांकि, वर्तमान विधायक मनोज कुमार यादव के कार्यकाल में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है। नेताओं ने कहा कि विधायक लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और प्रत्येक रविवार को जनता दरबार के माध्यम से समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं पर भी काम चल रहा है।

मुकुंद साव सहित सभी नेताओं ने कहा कि बरही विधानसभा क्षेत्र में उद्योग-धंधे स्थापित हों, युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिले, शिक्षा एवं स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और क्षेत्र के सभी लोग अमन-चैन एवं खुशहाली के साथ जीवन बिताएं। इसी संकल्प के साथ खाटू श्याम भगवान के दरबार में प्रार्थना की गई है।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.