डोमा डाढ़ी में शिक्षा और संस्कृति का संगम: माउंटेन व्यू नेशनल स्कूल ने मनाया 13वां स्थापना दिवस
चौपारण (हजारीबाग)- प्रखंड के डोमा डाढ़ी स्थित माउंटेन व्यू नेशनल स्कूल में रविवार को 13वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला, जहां छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य बना दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अजीत कुमार विमल, चौपारण की मुखिया पिंकी देवी, मुखिया प्रतिनिधि हेलाल अख्तर, डॉ. बालेश्वर राम, सुरेंद्र दास, बिराज रविदास एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। देशभक्ति गीत, समूह एवं एकल नृत्य और सामाजिक संदेश पर आधारित लघु नाटिका ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों के आत्मविश्वास और मंच संचालन क्षमता की अभिभावकों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
मुख्य अतिथि डीएसपी अजीत कुमार विमल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और संस्कारों की पाठशाला भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने का सशक्त माध्यम हैं और शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों का समावेश ही सच्ची शिक्षा है।
विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य रिजवान अंसारी ने कहा कि स्कूल का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का समन्वय विद्यालय की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि बच्चों में आत्मविश्वास बढ़े और वे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनें।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार प्रकट किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थापना दिवस समारोह ने शिक्षा, संस्कृति और प्रेरणा का सुंदर संगम प्रस्तुत करते हुए उपस्थित सभी लोगों के मन पर गहरी छाप छोड़ी।
संवाददाता -अमित सिंह


No Previous Comments found.