बरही पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जीटी रोड पर ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त
हजारीबाग : हजारीबाग जिला अंतर्गत बरही थाना पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने जीटी रोड स्थित बिलौतिया मोड़ के पास से एक ट्रक को जब्त किया है, जिससे भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल जानकारी के अनुसार, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने दल-बल के साथ बिलौतिया मोड़ पर घेराबंदी की।
ड्राइवर केबिन में छिपाकर रखी गई थी खेप
जांच के दौरान पुलिस ने एक टाटा ट्रक (पंजीयन संख्या: BR01GC7072) को रोककर उसकी तलाशी ली। सघन तलाशी के दौरान पुलिस तब हैरान रह गई जब ट्रक के ड्राइवर केबिन से अवैध शराब बरामद हुई। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए शराब को केबिन के भीतर छिपाकर रखा था।
बरामदगी का विवरण:
33 पेटी ऑफिसर चॉइस टेट्रा पैक (अंग्रेजी शराब)।
1000 पीस खुले रूप में रखे गए ऑफिसर चॉइस टेट्रा पैक।
कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने ट्रक और शराब की पूरी खेप को जप्त कर लिया है और उसे बरही थाना लाया गया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ खपाने की योजना थी। इस तस्करी के पीछे जुड़े अन्य सिंडिकेट का पता लगाया जा रहा है।
थाना प्रभारी का संदेश: "क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। किसी भी सूरत में अवैध कारोबार फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा।"
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.