कांग्रेस प्रेसवार्ता का पत्रकारों ने किया बहिष्कार..
हजारीबाग : जिला कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को महिला आरक्षण विधेयक को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता का स्थानीय पत्रकारों ने बहिष्कार कर दिया। प्रेसवार्ता में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की नवनियुक्त उपाध्यक्ष गुंजन सिंह मौजूद थीं, लेकिन पत्रकारों ने कार्यक्रम में शामिल होने के बजाय कार्यालय के बाहर काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।पत्रकारों का कहना है कि बीते 28 अप्रैल को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की मौजूदगी में पत्रकारों पर स्थानीय लोगों व उनके समर्थकों द्वारा हमला किया गया था। इस दौरान मंत्री द्वारा कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं दी गई, जिसे पत्रकारों ने असंवेदनशील रवैया बताया। विरोध कर रहे पत्रकारों ने स्पष्ट कहा कि जब तक मंत्री इरफान अंसारी इस घटना पर व्यक्तिगत रूप से संवेदना व्यक्त कर माफी नहीं मांगते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित होने तक आंदोलन लगातार चलता रहेगा। प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने एकजुटता दिखाते हुए लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा की रक्षा की मांग दोहराई। इस मौके पर हजारीबाग प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुरारी सिंह, सचिव दीपक सिंह समेत कई वरिष्ठ और युवा पत्रकार मौजूद रहे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.