उपायुक्त हेमंत सती ने बाल सुधार गृह का किया औचक निरीक्षण..

हजारीबाग : हेमंत सती ने सोमवार को बाल सुधार गृह (संप्रेक्षण गृह) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों की देखरेख तथा उपलब्ध सुविधाओं का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की जांच की और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बाल कैदियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली।उपायुक्त ने रसोईघर का निरीक्षण कर बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने साफ-सफाई और पोषण मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा छात्रावास का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन किया और बच्चों को नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय का अवलोकन करते हुए काउंसलर को निर्देश दिया कि बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई कराई जाए तथा हिंदी में महापुरुषों की प्रेरणादायक पुस्तकें उपलब्ध कराकर उन्हें पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा दसवीं के बच्चों को प्रथम श्रेणी से परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए मेहनत करने की सलाह दी।उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में बाल सुधार गृह में कुल 68 बच्चे आवासित हैं। उन्होंने सुरक्षा में तैनात जिला पुलिस बल को निर्देश दिया कि संप्रेक्षण गृह अधीक्षक की अनुमति के बिना किसी भी परिस्थिति में अवकाश पर न जाएं। निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को बच्चों के समुचित विकास, शिक्षा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.