भूमि,पेंशन,राशन कार्ड, मुआवजा व आवास से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश....
हजारीबाग : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त हेमंत सती ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में सैकड़ों नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे। जनता दरबार में भूमि एवं राजस्व, म्यूटेशन, पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, पारिवारिक विवाद, सरकारी योजनाओं के लाभ, मुआवजा भुगतान, रोजगार, अतिक्रमण तथा सड़क समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए। उपायुक्त ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन किया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। साथ ही जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने पर बल दिया।जनता दरबार में प्राप्त विभिन्न आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को मामलों की जांच कर यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.