ईचाक मोड़ स्थित एनएच का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण.

हजारीबाग :  सड़क सुरक्षा को लेकर उपायुक्त हेमंत सती ने मंगलवार को ईचाक मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ईचाक मोड़ के मध्य सड़क क्षेत्र में स्थित दुकानों को हटाकर स्थल को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित दुकानदारों को विस्थापन की समस्या से बचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा, जहां उन्हें समुचित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए मोड़ के दोनों ओर आवश्यक संरचनात्मक एवं तकनीकी उपाय करने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क किनारे प्वाइंटवार कंक्रीट ब्लॉकेज लगाने, स्पीड ब्रेकरों को रंगयुक्त बनाने तथा स्लाइडर समेत अन्य सुरक्षा उपकरण स्थापित करने को कहा, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। इसके अलावा उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास की भूमि पर संभावित अवैध कब्जों की जांच कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाकर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष चौधरी, ईचाक अंचल अधिकारी संतोष कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.