दुर्गापूजा को लेकर चौपारण थाना में शांति समिति की बैठक
हजारीबाग : दुर्गापूजा को लेकर बुधवार को चौपारण थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी संजय यादव ने की, जबकि संचालन शंभु नारायण सिंह ने किया। बैठक में बीडीओ नितेश भास्कर, थाना प्रभारी पंकज कुमार, विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, बिजली एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने पूजा समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने की अपील की।
सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई : सीओ
सीओ संजय यादव ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था और आपसी भाईचारे का पर्व है। सभी पूजा समितियां प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें और ऐसी किसी गतिविधि से बचें, जिससे क्षेत्र की शांति एवं सौहार्द प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह तत्पर रहेगा। असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पूजा समितियां प्रशासन का करें सहयोग : बीडीओ
बीडीओ नितेश भास्कर ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित पूजा के लिए प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने समितियों से पंडालों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, भीड़ को नियंत्रित रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में आम लोगों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर रखें सावधानी : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा बिना सत्यापन किसी भी संदेश को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पूजा समितियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को शांतिपूर्ण दुर्गापूजा आयोजन में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मौके पर निवर्तमान उपप्रमुख प्रीति गुप्ता, रामपुर मुखिया सुनीता देवी, पाण्डेयबारा मुखिया रेखा देवी, मानगढ़ मुखिया अर्जुन पाण्डेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.