तिलैया जलाशय में मछली उत्पादन पर जोर, स्थानीय मत्स्य पलकों को मिलेगा बढ़ावा
बरही : तिलैया जलाशय में मछली उत्पादन बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर मत्स्य पालन को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिला मत्स्य विभाग ने बड़ी पहल की है। शुक्रवार को जिला मत्स्य पदाधिकारी लिपिका बनर्जी के नेतृत्व में जलाशय के माधोपुर साइड में कुल 18.75 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन किया गया। इस पहल से आने वाले समय में जलाशय में मछली उत्पादन बढ़ने के साथ स्थानीय मत्स्य पालकों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर भी मजबूत होने की उम्मीद है।
संचयन के दौरान जलाशय में 12.50 लाख रेहू, कतला एवं मिर्गल तथा 6.25 लाख ग्रास कार्प की मत्स्य अंगुलिकाएं छोड़ी गईं। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, जिप प्रतिनिधि गणेश यादव एवं मुख्य प्रतिनिधि हरेंद्र गोप सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी लिपिका बनर्जी ने बताया कि विभाग की योजना केवल जलाशय में मछली उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विस्थापित मत्स्य पालकों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। विभाग विस्थापित मत्स्य पालकों को मत्स्य स्पॉन उपलब्ध कराता है। मत्स्य पालक इनसे अंगुलिकाएं तैयार करते हैं, जिन्हें विभाग उनसे खरीदकर विभिन्न जलाशयों में संचयन करता है। इस प्रक्रिया से स्थानीय मत्स्य पालकों को रोजगार के साथ नियमित आय का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि संचयन के दौरान कुछ मत्स्य अंगुलिकाएं मृत पाई गई हैं। मौसम और जलाशय के वातावरण के अनुकूल समंजन नहीं हो पाने के कारण कुछ मत्स्य बीज जीवित नहीं रह पाते हैं। इसके मद्देनजर संबंधित आपूर्तिकर्ताओं से 10 प्रतिशत क्षतिपूर्ति ली जाएगी। साथ ही इसकी भरपाई के लिए आगामी एक दिसंबर को अतिरिक्त मत्स्य अंगुलिकाएं जलाशय में छोड़ी जाएंगी।
मत्स्य विभाग की यह पहल तिलैया जलाशय की मत्स्य संपदा बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने और विस्थापित परिवारों की आजीविका मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मौके पर मत्स्य प्रसार पदाधिकारी प्रवीण कुमार सहित विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.