दूरस्थ इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की बदलेगी तस्वीर, टेलीकॉम कंपनियों को अल्टीमेटम

हजारीबाग : जिले के सुदूरवर्ती इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या जल्द दूर हो सकती है। कमजोर नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त हेमंत सती ने टेलीकॉम कंपनियों को व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले के सभी क्षेत्रों, प्रखंड मुख्यालयों और थाना परिसरों में बेहतर एवं निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाए। गुरुवार को समाहरणालय में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में जिला टेलीकॉम समिति की बैठक हुई। इसमें जिले में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में सामने आया कि कई सुदूरवर्ती क्षेत्रों में मोबाइल टावर उपलब्ध नहीं हैं, जबकि कुछ प्रखंड मुख्यालयों में भी नेटवर्क की स्थिति संतोषजनक नहीं है। कई प्रखंड कार्यालयों और थाना परिसरों में इंटरनेट की कमजोर कनेक्टिविटी अथवा सेवा उपलब्ध नहीं होने की समस्या भी उठाई गई।

उपायुक्त ने कहा कि आज के समय में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जरूरत बन चुका है। नेटवर्क की कमी से विधि-व्यवस्था, निर्वाचन संबंधी कार्यों, शिक्षा और आम नागरिकों के दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में नेटवर्क से वंचित क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए कनेक्टिविटी की समस्या दूर की जाए।

बैठक में रिलायंस जियो, रिलायंस इन्फोकॉम, भारती इंफराटेल और इंडस सहित विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने नेटवर्क विहीन और कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों की सूची तैयार करने तथा संबंधित अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के माध्यम से संयुक्त प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा, ताकि समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।

उन्होंने सभी नेटवर्क सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों को आगामी बैठक तक कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, डीएसपी मुख्यालय, अपर नगर आयुक्त सहित विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.