न्यायाधीश एवं पुलिस अधिकारियों ने स्कूल ऑफ लिटिल फ्लॉवर्स हाई स्कूल में विद्यार्थियों को किया जागरूक
गंजबासौदा। स्कूल ऑफ लिटिल फ्लॉवर्स हाई स्कूल में 10 सितंबर 2026 को एक विशेष एवं ज्ञानवर्धक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय न्यायाधीश अधिकारी श्री कपिल देव जी पुलिस अधिकारियों के साथ विद्यालय पहुंचे और विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी एवं सामाजिक विषयों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया इस दौरान न्यायाधीश महोदय ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य, शिक्षा का अधिकार, साइबर अपराध एवं उससे बचाव, यातायात नियम तथा कानून के प्रति जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि एक अच्छे और जिम्मेदार नागरिक के लिए अपने अधिकारों की जानकारी होना जितना आवश्यक है, उतना ही अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को समझना भी जरूरी है। उन्होंने साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्क रहने, निजी एवं संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा इंटरनेट का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने तथा कानून का सम्मान करने के लिए भी प्रेरित किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए केवल कानूनी जानकारी प्राप्त करने का अवसर ही नहीं रहा, बल्कि उन्हें जागरूक, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देने वाली महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
विद्यालय परिवार ने माननीय न्यायाधीश श्री कपिल देव जी, पीएलवी/वकील सुनील राजपूत, पीएलबी श्री सौरभ कुशवाहा, अमरेश यादव, कांस्टेबल इंदर सिंह यादव सहित उपस्थित पुलिस अधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने कहा कि सभी अतिथियों ने अपना बहुमूल्य समय देकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया, जिसके लिए पूरा विद्यालय परिवार उनका आभारी है।
“अधिकारों को जानें, कर्तव्यों को निभाएँ,
कानून का सम्मान करें और देश के जिम्मेदार नागरिक बनें।” स्कूल ऑफ लिटिल फ्लॉवर्स हाई स्कूल परिवार की ओर से हार्दिक धन्यवाद एवं आभार।
रिपोर्टर - हेमंत आनंद
No Previous Comments found.