मोहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क, एसपी राजेंद्र कुमार वर्मा ने बेटमा पहुंचकर किया जुलूस मार्ग का निरीक्षण
बेटमा : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से इंदौर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार वर्मा शनिवार को थाना बेटमा पहुंचे और मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जुलूस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील क्षेत्रों, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। एसपी वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जुलूस मार्ग पर स्थापित एवं प्रस्तावित सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारी मीना कर्णावत को निर्देशित किया कि पूर्व में लगाए गए कैमरों को तत्काल चालू कराया जाए तथा आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं, जिससे पूरे मार्ग पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं सुदृढ़ बनाया जाए।
एसपी वर्मा ने अधिकारियों को शांति समिति की बैठकें समय रहते आयोजित करने तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजिया समितियों एवं समाज के वरिष्ठजनों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकते हैं। साथ ही असामाजिक तत्वों एवं शांति भंग करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
भ्रमण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी संघ प्रीय सम्राट, उप पुलिस अधीक्षक नितिन सिंह, रक्षित निरीक्षक योगेंद्र सिंह भाटी, थाना प्रभारी मीना कर्णावत सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोहर्रम पर्व को लेकर क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि मोहर्रम का त्योहार आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ संपन्न हो तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
रिपोर्टर : राहुल
No Previous Comments found.