बिहार का आरोपी गिरफ्तार; ₹96 हजार की बाइक बरामद

इंदौर - बेटम थाना बेटमा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन चोरी के एक मामले का महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है,जिसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी हेमेन्द्र (21) पिता मानसिंह जाटव, निवासी पथरिया फाटक (दमोह) जो वर्तमान में भोजपुरी कालोनी बेटमा में साजीद खान के मकान में किराए से रहता है, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि 15 जून 2026 की रात करीब 9:00 बजे उसकी होण्डा SP 125 मोटरसाइकिल (MP-09-BP-2473) अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गया था। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 355/2026, धारा 303(2) बीएनएस  के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया था। वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान 27 जून को पुलिस को मुखबिर से चोरी की बाइक के साथ संदेही के घूमने की पुख्ता सूचना मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजु दास उर्फ कालू (19) पिता जनेश्वर दास को धर दबोचा। आरोपी वर्तमान में माँ विहार कालोनी,जीवन ज्योति काली बिल्लोद में रह रहा था,जबकि उसका स्थाई पता ग्राम मदनपुर,पो.खिरियावा,जिला औरंगाबाद (बिहार) है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है,जिसकी कुल कीमत 96,455 रुपए बताई जा रही है।

इस सराहनीय कार्य में बेटमा थाना प्रभारी निरीक्षक मीना कर्णावत, प्रधान आरक्षक अनिल अहिरवार,प्रधान आरक्षक रामेश्वर गोयल,आरक्षक सुधीर शर्मा,आरक्षक गगनजीत और इंदौर साइबर सेल के आरक्षक रवि तिवारी की मुख्य भूमिका रही।

रिपोर्टर -  राहुल देवड़ा

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.