राष्ट्रसेवा के संकल्प को मिला मुख्यमंत्री का सम्मान, पृथ्वी डिफेंस एकेडमी के लिए 2 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा
बेटमा/इंदौर : इंदौर स्थित बीएसएफ परिसर में आयोजित प्रदेश स्तरीय 'एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान के दौरान बेटमा की पृथ्वी डिफेंस एकेडमी (PDA) और उसके संस्थापक पूर्व सैनिक फौजी विजय यादव को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पृथ्वी डिफेंस एकेडमी के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बीएसएफ के दो अन्य जवानों के लिए भी 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
यह सम्मान ऐसे समय में मिला है, जब पृथ्वी डिफेंस एकेडमी वर्षों से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को भारतीय सेना और विभिन्न सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर राष्ट्रसेवा के लिए तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री की यह घोषणा संस्था के सामाजिक योगदान और राष्ट्रनिर्माण में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सार्वजनिक सराहना के रूप में देखी जा रही है।
वर्दी में रहते हुए ही बो दिए थे राष्ट्रसेवा के बीज
पूर्व सैनिक फौजी विजय यादव ने राष्ट्रसेवा का संदेश केवल अपने सैन्य जीवन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि भारतीय सेना में सेवाकाल के दौरान ही युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करने का अभियान शुरू कर दिया था। जब भी वे छुट्टी लेकर अपने गृह क्षेत्र बेटमा आते, तो सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना देखने वाले और सेना में जाने की प्रबल लगन रखने वाले युवाओं को प्रेरित करते। वे स्वयं मैदान में उतरकर उन्हें दौड़, शारीरिक दक्षता, अनुशासन और भर्ती प्रक्रिया की बारीकियों का प्रशिक्षण देते थे। उनकी मेहनत, मार्गदर्शन और प्रेरणा से अनेक युवाओं ने भारतीय सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती होकर अपने सपनों को साकार किया।
सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने इसी मिशन को व्यापक स्वरूप देते हुए पृथ्वी डिफेंस एकेडमी की स्थापना की। आज यह संस्था ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं के लिए उम्मीद का केंद्र बन चुकी है। यहां सेना, अर्धसैनिक बलों एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती के इच्छुक युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण, लिखित परीक्षा की तैयारी, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का समग्र प्रशिक्षण दिया जाता है। संस्था से प्रशिक्षण प्राप्त कर 1,000 से अधिक युवा भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों तथा अन्य सुरक्षा सेवाओं में चयनित होकर देश के विभिन्न हिस्सों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यही कारण है कि पृथ्वी डिफेंस एकेडमी आज बेटमा ही नहीं, बल्कि पूरे मालवा क्षेत्र में राष्ट्रसेवा की नई पहचान बन चुकी है।
बेटमा को दिलाई नई पहचान
पृथ्वी डिफेंस एकेडमी ने बेटमा को केवल एक कस्बे तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि उसे सेना भर्ती की तैयारी कराने वाले एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाई है। संस्था में अनुशासन, शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे युवाओं का सर्वांगीण विकास होता है।
सहायता राशि की घोषणा से क्षेत्र में उत्साह
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 2 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा के बाद संस्था से जुड़े प्रशिक्षुओं, पूर्व विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि यह सम्मान वर्षों से किए जा रहे निस्वार्थ प्रयासों की सराहना है तथा इससे संस्था को और मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में अधिक से अधिक युवा सेना एवं सुरक्षा बलों में भर्ती होकर देश सेवा का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
रिपोर्टर : राहुल देवड़ा
No Previous Comments found.