नगर निगम कर्मचारियों के हित में फेडरेशन की बड़ी पहल
जयपुर : राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फेडरेशन (शाखा नगर निगम जयपुर) की द्वितीय कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक आज दिनांक 16 जुलाई 2026 को सायं 04:00 बजे नगर निगम मुख्यालय के पन्नाधाय सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के अध्यक्ष श्री मौजी शंकर सैनी ने की तथा मंच संचालन एवं एजेंडा प्रस्तुतीकरण महामंत्री श्री मनमोहन आचार्य द्वारा किया गया। बैठक में फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने पूर्ण गणपूर्ति के साथ हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान जयपुर नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के कल्याण एवं उनकी न्यायसंगत मांगों से जुड़े निम्नलिखित महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर गहन विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए!
1. वरिष्ठता एवं समयबद्ध पदोन्नति: नगर निगम जयपुर के अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक संवर्ग के कर्मचारियों की काफी समय से लंबित वरिष्ठता सूची को अविलंब जारी करवाने और समयबद्ध पदोन्नति (प्रमोशन) प्रक्रिया को पारदर्शी व सुनिश्चित करने पर सहमति कर श्रीमान आयुक्त महोदय को पत्र देने का निर्णय लिया गया।
2. सफाई कार्मिकों को यूजर चार्ज से मुक्ति:- शहर को स्वच्छ रखने वाले नगर निगम जयपुर के कार्मिकों को सफाई यूजर चार्ज के दायरे से पूरी तरह मुक्त करने का ऐतिहासिक प्रस्ताव रखा गया।
3. नगर निगम क्षेत्राधिकार के अंतर्गत निवास करने वाले निगम के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नगरीय विकास कर से मुक्त करने हेतु ठोस पैरवी करने का निर्णय लिया गया।
4. नगर निगम मुख्यालय परिसर में कार्यरत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।
5. मानसिक तनाव मुक्ति व खेल प्रोत्साहन:-कार्मिकों को कार्य के अत्यधिक मानसिक तनाव से मुक्त रखने, उनके उत्तम स्वास्थ्य और टीम भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अंतर-विभागीय खेल प्रतियोगिता (वार्षिक क्रिकेट टूर्नामेंट) आयोजित कराने का निर्णय लिया गया।
कार्यकारिणी का विस्तार एवं नए मनोनीत सदस्य:-
संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय, मजबूत और गतिशील बनाने के लिए पूर्व में लिए गए निर्णय की अनुपालना में आज आधिकारिक रूप से कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। अध्यक्ष एवं महामंत्री की अनुशंसा पर निम्नलिखित 13 पदाधिकारियों व सदस्यों की घोषणा की गई:-
श्री अंकित सक्सेना को संगठन महामंत्री के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया।
इसके अतिरिक्त कार्यकारिणी सदस्य के रूप में श्री सुनील शर्मा, श्री मुकेश राव, श्री भारतेन्द्र वर्मा, श्री महेश बोयत, श्री विजय मीणा, श्रीमती रेखा गुजराती, श्री मोहम्मद वाहिद,श्री रवि तंबोली,श्री मोहम्मद साबीर,श्री गुलाब महावर, श्रीमती पार्वती मीणा एवं श्री मनीष कुमावत को शामिल कर संगठन को और मजबूती प्रदान की गई।
रिपोर्टर : गणेश शर्मा
No Previous Comments found.