बरसठी में युवक की चाकू मारकर हत्या, प्रेम प्रसंग बना वजह, गांव में फैली सनसनी
बरसठी (जौनपुर)- जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनीपुर गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गांव निवासी एक युवक का खून से लथपथ शव घर से करीब 500 मीटर दूर मंगरमू रोड की झाड़ियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान शुभम शुक्ला (22 वर्ष) पुत्र राजेश शुक्ला, निवासी जमुनीपुर के रूप में हुई है। युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, शुभम शुक्ला चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार सुबह करीब 8 बजे वह घर पर चाय पीकर बगल स्थित कम्पोजिट विद्यालय जमुनीपुर की ओर गया था, इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
करीब 12 बजे गांव के ही एक लड़के द्वारा शुभम को लहूलुहान अवस्था में झाड़ियों में पड़े होने की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचते ही कोहराम मच गया और पूरे गांव में अफरा-तफरी फैल गई।
सीने व पेट में कई वार, भागते समय तोड़ा दम
बताया जाता है कि हमलावरों ने शुभम को झाड़ियों में ले जाकर चाकुओं से सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल शुभम लहूलुहान हालत में जान बचाने के लिए घर की ओर भागा, लेकिन कुछ दूरी पर ही सड़क किनारे झाड़ियों में गिर पड़ा, जहां उसकी मौत हो गई।
एक दिन पहले दी गई थी जान से मारने की धमकी
परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में कहासुनी हुई थी, जिसमें आरोपियों ने देख लेने की धमकी दी थी। परिजनों का मानना है कि इसी रंजिश के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया।
फॉरेंसिक टीम मौके पर, अहम साक्ष्य बरामद
सूचना मिलते ही बरसठी थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहित कई थानों की भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, शराब की बोतल, पानी की बोतल तथा चाकू की टूटी हुई मुठिया बरामद कर साक्ष्य संकलन किया।
एसपी ग्रामीण बोले – प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया,
“शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग में हत्या की बात सामने आ रही है। फिलहाल तनाव को देखते हुए गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।”
गांव में पुलिस फोर्स तैनात, माहौल तनावपूर्ण
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
अनुपम कुमार मौर्य की रिपोर्ट


No Previous Comments found.