ओबीसी भाईचारा सम्मेलन में बसपा का शक्ति प्रदर्शन
शाहगंज - स्थानीय कस्बे में स्थित एक निजी लॉन में बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में एक दिवसीय ओबीसी समाज भाईचारा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
भीम राजभर ने कहा कि मान-सम्मान बनाए रखने के लिए बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए 2027 में सरकार बदलने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती ने सभी वर्गों के लोगों को सम्मान देने के साथ ही सरकार में भागीदारी देने का काम किया है।
उन्होंने बसपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में पहला एक्सप्रेसवे और 11 मेडिकल कॉलेज बनवाए गए, जो बड़ी उपलब्धियां हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आजम खान को वहां सम्मान नहीं मिला। जौहर यूनिवर्सिटी के मामले में भी सपा ने कुछ नहीं किया, जबकि मायावती के एक ट्वीट से विश्वविद्यालय के साथ वहां पढ़ने वाले करीब तीन हजार छात्रों के भविष्य को बचाने का काम हुआ।
बसपा नेता ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर मंडल कोऑर्डिनेटर शोभनाथ गौतम, ओम प्रकाश गौतम, मंडल संयोजक रवि कुमार गौतम, जिलाध्यक्ष संग्राम भारती, विधानसभा अध्यक्ष वेदप्रकाश गौतम, पूर्व जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, दीनानाथ राजभर, नंदलाल गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर - दीपक सिंह
No Previous Comments found.