दर्दनाक सड़क हादसा: बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रही मां को कार ने कुचला
रामपुर - जौनपुर जिस घर में कुछ दिनों बाद बेटी की डोली उठनी थी, वहां अब मां की अर्थी उठने की नौबत आ गई। बेटी की शादी का निमंत्रण बांटकर बेटे के साथ घर लौट रही मां की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। मामला रामपुर थाना क्षेत्र के सेमुही मोड़ के पास का है। जानकारी के अनुसार, ग्राम कुंभापुर निवासी निर्मला पत्नी स्वर्गीय राजमनि गौतम अपने पुत्र सचिन के साथ भदोही से बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड वितरित कर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निर्मला सड़क पर गिर पड़ीं। आरोप है कि कार चालक उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
हादसे में निर्मला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तत्काल मड़ियाहूं स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मां की मौत से टूट गया बेटे का सहारा
मृतका के पुत्र सचिन ने बताया कि आगामी 18 नवंबर को उसकी बहन की शादी होनी थी। इसी सिलसिले में वह अपनी मां के साथ भदोही निमंत्रण कार्ड बांटने गया था। कार्ड वितरित कर दोनों खुशी-खुशी घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सब कुछ छीन लिया। जिस मां के साथ शादी की तैयारियों में परिवार जुटा था, वही मां अब दुनिया में नहीं रही।
कार नंबर के आधार पर पुलिस कर रही तलाश
रामपुर पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना में शामिल कार का नंबर UP 62 DJ 7555 बताया गया है। पुलिस वाहन की पहचान कर चालक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे से कुंभापुर गांव में शोक की लहर है। घर में बजने वाली शहनाई की तैयारियों के बीच अब हर आंख नम है। बेटी की शादी से पहले मां की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
रिपोर्टर - सोनू गुप्ता

No Previous Comments found.