11 जून को बामनिया में मिली अज्ञात लाश का पुलिस ने किया पर्दाफाश
झाबुआ - जिले के पेटलावद थाना क्षेत्र के ग्राम बामनिया में रेलवे ट्रैक के समीप 11 जून 2026 को मिली अज्ञात लाश के मामले का झाबुआ पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। हत्या को अंजाम देने के बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया था ताकि मामला दुर्घटना या अज्ञात मौत प्रतीत हो।
क्या था मामला?
11 जून 2026 को बामनिया के बिजनीपाड़ा कच्चे मार्ग एवं रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलने पर पेटलावद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल झाबुआ भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया की सहायता से पुलिस ने मृतक की पहचान बहादुर भूरिया (36 वर्ष), निवासी ग्राम सेमलिया के रूप में की।
जांच में खुला प्रेम प्रसंग का राज
पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पता चला कि मृतक की पत्नी सीमिता उर्फ सुमिया का आरोपी गलिया निनामा के साथ अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। कुछ माह पूर्व सीमिता अपने मायके चली गई थी, जहां वह लगातार अपने प्रेमी के संपर्क में थी। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने बहादुर भूरिया को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने अपने परिचित कमरू बसुनिया की मदद से जहरीली गोलियां मंगवाईं।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार 9 जून 2026 को आरोपी गलिया निनामा ने बहादुर भूरिया को फोन कर बामनिया बुलाया। वहां सुनसान स्थान पर उसे शराब में जहर मिलाकर पिलाया गया। जब उसकी हालत बिगड़ गई तो आरोपी ने गमछे (मफलर) से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। लेकिन तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है,गलिया पिता लालजी निनामा निवासी कुंडाल,मुख्य आरोपी एवं मृतक की पत्नी का प्रेमी,सीमिता उर्फ सुमिया,मृतक बहादुर भूरिया की पत्नी। हत्या की मुख्य साजिशकर्ता। कमरू पिता प्रभु बसुनिया (26 वर्ष) निवासी धौंसवास, थाना नामली, जिला रतलाम। जहरीली गोलियां उपलब्ध कराने में सहयोगी।
मोटरसाइकिल भी जब्त
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी जब्त कर ली है। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 277/2026 के तहत हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक निर्भयसिंह भूरिया, उप निरीक्षक हीरालाल मालवीय, प्रधान आरक्षक सोमसिंह, आरक्षक रोकेश डामर, अमरसिंह मालवीय, मनीष चौरल, लालसिंह मुजाल्दे, अनिल अमलियार एवं जिला साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। झाबुआ पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस की सतर्कता से सुलझा अंधे कत्ल का मामला
बामनिया में मिली अज्ञात लाश से शुरू हुई यह गुत्थी पुलिस की सूझबूझ, तकनीकी जांच और सतत प्रयासों के कारण सुलझ सकी। इस कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है और लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर विश्वास जताया है।
रिपोर्टर - मनीष कुमट
No Previous Comments found.