केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर कांग्रेस का विजय मार्च, 21 छात्रों को दी श्रद्धांजलि

झाबुआ : नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद झाबुआ जिला कांग्रेस ने विजय मार्च निकालकर इसे युवाओं के संघर्ष की जीत बताया। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शहीद टंट्या मामा की प्रतिमा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल तक सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ विजय मार्च निकाला। इसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा पर कैंडल जलाकर दो मिनट का मौन रखा गया तथा पेपर लीक प्रकरण से जुड़े 21 छात्रों के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह जीत देश के करोड़ों विद्यार्थियों, अभिभावकों और युवाओं के लंबे संघर्ष का परिणाम है। उनका कहना था कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लगातार युवाओं की आवाज को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप केंद्र सरकार को जवाब देना पड़ा। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र और युवाओं की ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी के अहंकार का अंत शुरू हो चुका है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों, हठधर्मिता और तानाशाही रवैये के कारण देश के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि भाजपा शासनकाल में अनेक परीक्षाएं पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित हुईं, जिससे करोड़ों छात्र एवं उनके परिवार परेशान हुए। उनका कहना था कि युवाओं का भरोसा भाजपा से उठ चुका है और आगामी चुनावों में जनता कांग्रेस पर विश्वास जताएगी।
कांग्रेस नेताओं ने युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था लागू करने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देने की मांग दोहराई।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष नटवर डोडियार, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता साबिर फिटवेल, जिला कांग्रेस महामंत्री हर्ष जैन, बबलू कटारा, लोकेंद्र बिलवाल, आईटी सेल अध्यक्ष वसीम सैयद, किलू भूरिया, पार्षद धूमा भाबर, रशीद कुरैशी, अब्दुल करीम, गोलू कुरैशी, गोरी कटारा, दीपू डोडियार, सुनीता अलावा, मालू डोडियार, आयुष ओहरी, रेखा हटीला, मारिया वड़किया, सायरा बानो, निर्मला गोयल, प्रेम गुंडिया, अनिल भाबोर, आदेश भूरिया, ओवैस शेख, दीपक मखोडिया, गुफरान कुरैशी, अरुण मकवाना, पुनीत भानपुरिया, मधु कटारा, सुमन बघेल, संतोष कुमारी सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : मनीष कुमट

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.