श्रावण मास प्रारंभ होते ही रविवार को नंदी ने की बाबा भूतेश्वर महादेव की परिक्रमा

झकनावदा - देवों के देव महादेव को समर्पित पावन श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र के प्राचीन बाबा भूतेश्वर महादेव मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मंदिर परिसर में रविवार को सुबह के समय में एक नंदी (बैल) ने शिवलिंग एवं मंदिर की श्रद्धापूर्वक परिक्रमा की। इस अनोखे दृश्य को जिसने भी देखा, वह शिवभक्ति में सराबोर हो गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इसे भगवान शिव की असीम कृपा और श्रावण मास के शुभ संकेत के रूप में माना।

नंदी भगवान शिव के परम प्रिय वाहन एवं अनन्य भक्त है

श्रद्धालुओं का कहना है कि नंदी भगवान शिव के परम प्रिय वाहन एवं अनन्य भक्त हैं। शास्त्रों में नंदी को धर्म, निष्ठा और भक्ति का प्रतीक माना गया है। ऐसे में श्रावण मास के पहले ही दिन नंदी द्वारा बाबा भूतेश्वर महादेव की परिक्रमा करना श्रद्धालुओं के लिए किसी दिव्य अनुभूति से कम नहीं रहा। देखते ही देखते यह दृश्य पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया और बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजन-अर्चन करने लगे।

मंदिर परिसर में  हर - हर महादेव की लगी जयघोष 

मंदिर परिसर में दिनभर "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक,बेलपत्र,धतूरा,आक के पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगल की कामना की। धार्मिक मान्यता है कि श्रावण मास में भगवान शिव की सच्चे मन से की गई आराधना शीघ्र फलदायी होती है। इस माह में जलाभिषेक,रुद्राभिषेक,महामृत्युंजय मंत्र का जाप और शिव आराधना का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण कर उन्हें सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। श्रावण मास के शुभारंभ पर रविवार को बाबा भूतेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था और नंदी की यह अद्भुत परिक्रमा पूरे क्षेत्र में शिवभक्ति का संदेश देती नजर आई। श्रद्धालुओं ने इसे भगवान शिव की दिव्य प्रेरणा मानते हुए सभी से श्रावण मास में अधिक से अधिक शिव आराधना करने का आह्वान किया।

रिपोर्टर - मनीष कुमट जैन

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.