सैकड़ों कावड़ियों ने मां नर्मदा के जल से किया श्रृंगेश्वर महादेव का जलाभिषेक

झकनावदा - श्रावण मास के पावन अवसर पर पेटलावद क्षेत्र में सोमवार को आस्था, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूर्व पेटलावद विधायक वालसिंह मेड़ा के नेतृत्व में देवझिरी से श्रृंगेश्वर महादेव धाम तक 9वीं विशाल कावड़ यात्रा निकाली गई। मां नर्मदा का पवित्र जल कावड़ में लेकर सैकड़ों श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए श्रृंगेश्वर महादेव धाम पहुंचे। इस दौरान पूरे मार्ग में ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और भगवान शिव के जयघोष गूंजते रहे।

वर्षों पुरानी परंपरा को मिला भव्य स्वरूप

पूर्व विधायक वालसिंह मेड़ा के नेतृत्व में विगत कई वर्षों से आयोजित की जा रही कावड़ यात्रा की धार्मिक परंपरा इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी रही। 23 अगस्त को देवझिरी में मां नर्मदा का पवित्र जल भरकर कावड़ यात्रा का शुभारंभ किया गया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु, युवा एवं शिवभक्त कावड़ लेकर यात्रा में शामिल हुए।

कावड़ियों के कदमों के साथ लगाएं भगवान शिव के जयकारे

कावड़ियों के कदमों के साथ भगवान शिव के जयकारे वातावरण में गूंजते रहे। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया। यात्रा के पहले दिन कावड़ियों का पड़ाव झिरी में रखा गया, जहां रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन प्रातः यात्रा पुनः श्रृंगेश्वर महादेव धाम की ओर रवाना हुई।

झकनावदा में पुष्पवर्षा से हुआ कावड़ियों का स्वागत

कावड़ यात्रा के झकनावदा पहुंचने पर सेमलिया -झकनावदा मार्ग पर कांग्रेस कमेटी की ओर से कावड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस कमेटी के ठाकुर घनश्याम सिंह सेमलिया,जिला  महामंत्री हर्ष जैन,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह राठौर सेमलिया, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष यशवर्धन सिंह उमरकोट, गुमानसिंह गरवाल,कालू बिलवाल उमरकोट,आयदान गुर्जर,रामसिंह टिपोलिया,जुवानसिंह डामोर, टेटीया मेड़ा,दीपेंद्र सिंह चुण्डावत (भानेज),पूर्व सरपंच वागु गुडलपाड़ा,दिनेश डामोर दूधी,आकाश डामर विधानसभा अध्यक्ष पेटलावद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कावड़ियों पर पुष्पवर्षा की तथा स्वल्पाहार करवाकर उनका अभिनंदन किया।

छोटे से आग्रह पर कावड़ यात्रा में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री भूरिया

इस दौरान कावड़ यात्रा में विशेष आमंत्रण पर शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश राका का साफा बांधकर एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। वहीं कावड़ यात्रा के आयोजक एवं पूर्व विधायक वालसिंह मेड़ा का भी साफा बांधकर एवं पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस जिला महामंत्री हर्ष जैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शनि मंदिर के समीप श्रद्धालुओं का आत्मीय अभिनंदन

इसके पश्चात कावड़ यात्रा के शनि मंदिर के समीप पहुंचने पर कावड़ स्वागत समिति द्वारा श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। कावड यात्रा में शामिल केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, कावड़ यात्रा संयोजक पूर्व विधायक वालसिंह मेड़ा को दुपट्टा पहनाकर एवं साफा बांधकर सम्मानित किया गया। स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच आगे बढ़ती कावड़ यात्रा ने धार्मिक वातावरण को और अधिक शिवमय बना दिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत से कावड़ियों का उत्साह भी बढ़ता नजर आया।

श्रृंगेश्वर महादेव का नर्मदा जल से हुआ अभिषेक

लंबी पैदल यात्रा पूरी करने के बाद विशाल कावड़ यात्रा श्रृंगेश्वर महादेव धाम पहुंची। यहां सैकड़ों कावड़ियों ने देवझिरी से मां नर्मदा का पवित्र जल लाकर भगवान श्रृंगेश्वर महादेव का विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया। कावड़ियों ने भगवान शिव से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति एवं सभी के मंगल की कामना की। जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।

धार्मिक स्थलों के किए दर्शन-वंदन

जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने श्रृंगेश्वर महादेव धाम परिसर स्थित बाबा महाकाल, पंचमुखी हनुमान जी, मां माही माता के दर्शन-वंदन किए। इसके साथ ही ब्रह्मलीन महंत श्री श्री 1008 काशीगिरीजी महाराज के समाधि स्थल पर भी श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक नमन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था

कावड़ यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं के लिए पूर्व विधायक वालसिंह मेड़ा की ओर से भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई। यात्रा पूर्ण होने के पश्चात बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश राका, जिला महामंत्री हर्ष जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश

देवझिरी से श्रृंगेश्वर महादेव तक निकली 9वीं विशाल कावड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता और वर्षों से चली आ रही परंपरा का भी प्रतीक बनी। मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर सैकड़ों कावड़ियों का पैदल श्रृंगेश्वर महादेव पहुंचना क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत करता नजर आया। कावड़ यात्रा के दौरान मार्गभर गूंजते भगवान शिव के जयकारे, श्रद्धालुओं का उत्साह, जगह-जगह हुआ स्वागत और श्रृंगेश्वर महादेव के जलाभिषेक का दृश्य लंबे समय तक लोगों के बीच आस्था और भक्ति की स्मृतियां छोड़ गया। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ कावड़ यात्रा का श्रद्धापूर्वक समापन हुआ।

रिपोर्टर - मनीष कुमट

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.