जन्म द्विशताब्दी वर्ष में रचेगा इतिहास, धौलपुर से भरतपुर तक निकलेगा ऐतिहासिक ‘श्री गुरुराज संघोत्सव’

झाबुआ : विश्वपूज्य दादा गुरुदेव श्रीमद् विजय राजेन्द्र सूरीश्वरजी महाराज साहब के 200वें जन्म महोत्सव के पावन अवसर पर जन्म द्विशताब्दी वर्ष की अनुमोदनार्थ त्रिस्तुतिक श्रीसंघ एवं गुरु परंपरा में पहली बार ऐतिहासिक ‘श्री गुरुराज संघोत्सव’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। पुण्यसम्राट गुरुदेव श्रीमद् विजय जयंतसेन सूरीश्वरजी महाराज साहब के पट्टधर, गच्छाधिपति आचार्य श्रीमद् विजय नित्यसेन सूरीश्वरजी महाराज साहब आदि विशाल श्रमण-श्रमणी भगवंतों की पावन निश्रा में आयोजित यह छःरी पालक संघ गुरुभक्ति, तप, त्याग एवं संयम का अनुपम संगम बनेगा। यह ऐतिहासिक संघ परिषद संस्थापक परम पूज्य आचार्य श्रीमद् विजय यतीन्द्र सूरीश्वरजी महाराज साहब की पावन जन्मभूमि धौलपुर तीर्थ से दादा गुरुदेव श्रीमद् विजय राजेन्द्र सूरीश्वरजी महाराज साहब की जन्मभूमि भरतपुर महातीर्थ तक निकलेगा। दो महान गुरुदेवों की जन्मभूमियों को जोड़ने वाला यह आयोजन गुरु परंपरा के इतिहास में विशेष स्थान रखेगा।

6 जनवरी को संघ प्रयाण, 11 जनवरी को मंगल प्रवेश

निर्धारित कार्यक्रमानुसार 6 जनवरी 2027 को धौलपुर तीर्थ से संघ का मंगल प्रयाण, 11 जनवरी को भरतपुर महातीर्थ में भव्य मंगल प्रवेश एवं 12 जनवरी को संघ माला का आयोजन होगा। इस छह दिवसीय पावन यात्रा में देशभर से गुरुभक्तों एवं आराधकों की सहभागिता अपेक्षित है।

नवयुवक परिषद मध्यप्रदेश ने किया गुरुभक्तों से आह्वान

अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद मध्यप्रदेश के प्रदेश संगठन प्रभारी श्री रमेश धाड़ीवाल, प्रदेश अध्यक्ष श्री रजत मनोहरलाल कावड़िया एवं प्रदेश महामंत्री श्री सिद्धार्थ तलेशरा ने प्रदेश के समस्त नगरों, परिषद शाखाओं, श्रीसंघों एवं गुरुभक्तों से अधिकाधिक संख्या में इस ऐतिहासिक संघ यात्रा में सम्मिलित होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जन्म द्विशताब्दी वर्ष में आयोजित यह संघोत्सव गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा, आस्था एवं समर्पण प्रकट करने का दुर्लभ अवसर है। सभी गुरुभक्त इस पुण्यमय यात्रा के सहभागी बनकर आयोजन को ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बनाएँ।

ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा, संयुक्त तत्वावधान में आयोजन

संघोत्सव में सम्मिलित होने वाले आराधकों के लिए ऑनलाइन पंजीयन लिंक जारी की गई है। आयोजन अखिल भारतीय श्री सौधर्मबृहत्तपोगच्छीय जैन श्वेताम्बर त्रिस्तुतिक संघ एवं अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद परिवार के संयुक्त तत्वावधान में होगा। गुरु राजेन्द्र जन्मभूमि छःरी पालक संघ समिति आयोजन की निमंत्रक है । गुरुभक्ति एवं आराधना से ओतप्रोत यह आयोजन दादा गुरुदेव के जन्म द्विशताब्दी वर्ष की ऐतिहासिक स्मृतियों में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ेगा। उक्त जानकारी अखिल भारतीय श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद मध्यप्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष कुमट झकनावदा, सचिन भंडारी महिदपुर रोड़ द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई।

रिपोर्टर : मनीष कुमुट 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.