राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं महिला बाल विकास आयोग ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से की शीघ्र सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग

झाबुआ - जनपद पंचायत पेटलावद अंतर्गत आने वाली बड़ी ग्राम पंचायत झकनावदा में आज भी यात्रियों एवं आम नागरिकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। ग्राम के बस स्टैंड पर यात्री प्रतीक्षालय एवं सार्वजनिक महिला शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से प्रतिदिन आवागमन करने वाले ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को लेकर अब जिम्मेदारों से सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठने लगी है।

बसों के इंतजार में यात्रियों को होती है परेशानी

झकनावदा आसपास के कई गांवों के लिए आवागमन एवं खरीदारी का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण बसों के माध्यम से यात्रा करते हैं, लेकिन बसों का इंतजार करने के लिए व्यवस्थित यात्री प्रतीक्षालय नहीं होने से यात्रियों को दुकानों के बाहर अथवा सड़क किनारे खड़े रहना पड़ता है। गर्मी, बारिश और सर्दी के मौसम में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में बस स्टैंड पर सुविधायुक्त यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण बेहद आवश्यक हो गया है।

महिला शौचालय के अभाव में माताओं-बहनों को असुविधा

ग्राम में सार्वजनिक महिला शौचालय की सुविधा नहीं होना भी एक गंभीर समस्या बनी हुई है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बाजार, बैंकिंग कार्य एवं अन्य जरूरी कामों के लिए आने वाली महिलाओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त शौचालय होना आवश्यक है, लेकिन व्यवस्था के अभाव में उन्हें परेशान होना पड़ रहा है।

राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं महिला बाल विकास आयोग ने उठाई आवाज

राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं महिला बाल विकास आयोग (NGO) के मध्यप्रदेश प्रभारी मनीष कुमट (जैन) ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत पेटलावद एवं जिला प्रशासन से जनहित में मांग की है कि झकनावदा में जल्द से जल्द सुविधायुक्त यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाए। साथ ही महिलाओं की सुविधा, सम्मान एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक महिला शौचालय की व्यवस्था प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए।

जिम्मेदारों से जनहित की मांग पर ध्यान देने की अपेक्षा

झकनावदा जैसे बड़े ग्राम में यात्री प्रतीक्षालय और महिला शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव होना चिंता का विषय है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि यात्रियों को राहत मिलने के साथ माताओं-बहनों को भी सम्मानजनक एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

रिपोर्टर - मनीष कुमुट 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.