“विरासत को नई पहचान: जिले के ऐतिहासिक स्थलों के कायाकल्प को मिली गति”

झालावाड़ : जिले की ऐतिहासिक धरोहरों को पुनर्जीवित कर उन्हें पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने ठोस कदम उठाए हैं। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मंगलवार को “विरासत संरक्षण अभियान” के तहत गंगधार, डग, मिश्रोली एवं भवानीमंडी क्षेत्र के चयनित स्थलों का मैराथन निरीक्षण कर संरक्षण एवं विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।

“उपेक्षित धरोहरों को मिलेगा नया जीवन”

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले के कई ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल संरक्षण के अभाव में अपनी पहचान खोते जा रहे हैं। इन्हें संरक्षित एवं विकसित कर पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

गंगधार में किला, महल और छतरियों का होगा सौंदर्यीकरण

गंगधार क्षेत्र में रानी का महल, किले एवं दल सागर की छतरियों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने क्षतिग्रस्त दीवारों के पुनर्निर्माण, झाड़ियों की सफाई एवं व्यू प्वाइंट पर सुरक्षा रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। साथ ही छतरियों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा।

डग में रानी का मकबरा अतिक्रमण से होगा मुक्त

डग स्थित रानी के मकबरे के निरीक्षण के दौरान आसपास के अतिक्रमण हटाने, चारदीवारी निर्माण एवं स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कोलवी की बौद्ध गुफाओं में बढ़ेंगी पर्यटक सुविधाएं

प्रसिद्ध कोलवी बौद्ध गुफाओं के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गार्ड रूम निर्माण, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मिश्रोली की बैसाल्ट चट्टानें बनेंगी नया पर्यटन आकर्षण

मिश्रोली स्थित बैसाल्ट चट्टानों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में संग्रहालय निर्माण की संभावनाएं तलाशने, एंट्री गेट, मार्ग निर्माण एवं सेल्फी प्वाइंट पर सुरक्षा रेलिंग लगाने के निर्देश दिए गए।

भवानीमंडी में स्टेडियम निर्माण को मिलेगी रफ्तार

भवानीमंडी में प्रस्तावित स्टेडियम भूमि का निरीक्षण कर कलेक्टर ने आवश्यक विकास कार्यों को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करें, ताकि जिले की धरोहरों को संरक्षित कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हों।

इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ शंभु दयाल मीणा, उपखंड अधिकारी भवानीमंडी श्रद्धा गोमे, उपखंड अधिकारी छत्रपाल सिंह, संबंधित तहसीलदार, विकास अधिकारी, पटवारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.