अटल पथ पर मस्जिद के पास खतरनाक मोड़ बना हादसों का सबब
झालावाड़ : बकानी कस्बे में हाल ही में निर्मित अटल पथ पर हज़रत बिलाल मस्जिद के सामने स्थित खतरनाक घुमावदार मोड़ राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। इस तीखे और असुरक्षित मोड़ पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएँ हो रही हैं,जिससे स्थानीय लोगों में गहरा रोष है।
स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाने की मांग इसी गंभीर समस्या के स्थायी समाधान को लेकर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग, बकानी द्वारा लोक निर्माण विभाग (PWD) के सहायक अभियंता (AEN) को एक लिखित शिकायत सौंपी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने विभाग से मांग की है कि: इस खतरनाक घुमावदार मोड़ के दोनों ओर तत्काल प्रभाव से स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) बनाए जाएं। चालकों को सचेत करने के लिए मोड़ से पहले चेतावनी संकेतक (Sign Boards) लगाए जाएं।
बढ़ते हादसों से सहमे लोग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अटल पथ के नवनिर्माण के बाद वाहनों की गति में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन मस्जिद के ठीक सामने मौजूद इस तीव्र मोड़ पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण आए दिन गाड़ियां अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं। यदि समय रहते यहाँ सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा और गंभीर हादसा हो सकता है। इस दौरान अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन से जनहित में इस समस्या पर त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है।
रिपोर्टर - रमेश चंद्र शर्मा
No Previous Comments found.